महाराष्ट्र में भाजपा के एक मंत्री ने सुंदर आंखों के लिए अजीबो-गरीब दावा किया है। उनका कहना है कि अगर आपको ऐश्वर्या राय जैसी आंखे चाहिए, तो रोज मछली खाएं। अब इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
बता दें कि धुले जिले के अंतुरली में आदिवासी मछुआरों को मछली पकड़ने की सामग्री वितरित करने के लिए एक कार्यक्रम चल रहा था। इस अवसर पर राज्य की शिंदे सरकार के जनजातीय विकास मंत्री डॉ. विजय कुमार गावित मछुआरों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होनें एक विवादित टिप्पणी की। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में मंत्री जी ने कहा
वीडियो में मंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जो लोग रोजाना मछली खाते हैं, उनकी त्वचा चिकनी हो जाती है और उनकी आंखे चमकने लगती हैं। अगर कोई आपकी तरफ देखेगा तो वह आपकी ओर आकर्षित हो जाएगा। उन्होनें कहा कि क्या मैंने आपको ऐश्वर्या राय के बारे में बताया वह मंगलुरू में समुद्र तट क पास रहती है
वह रोजाना मछली खाती थीं। क्या आपने उसकी आंखें देखी हैं? आपके पास भी उसके जैसी आंखें होंगी। उन्होंने कहा कि मछली में कुछ तेल होते हैं, यह आपकी त्वचा को मुलायम बनाती है।
विधायक अमोल मिटकारी ने जताई नाराजगी
बता दें कि अपने बयान के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अमोल मिटकारी ने नाराजगी जताई। उन्होनें कहा कि मंत्री को इस तरह की टिप्पणियां करने के बजाए आदिवासियों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, भाजपा विधायक नितेश राणे ने कहा कि मैं रोज मछली खाता हूं। मेरी आंखे वैसी हो जानी चाहिए थी। मैं गावित साहब से पूछूंगा कि किया इस पर कोई शोध है।