‘सिखों के हत्यारे कमलनाथ के लिए नहीं खुले बीजेपी के दरवाजे’, भाजपा नेता बग्गा का बयान
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले फिर एक बार कांग्रेस के एक बड़े नेता के बीजेपी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहें हैं। ये नेता हैं कांग्रेस के दिग्गजों में शुमार कमलनाथ। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के कद्दावर नेता कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ बीजेपी में जा सकते हैं। कमलनाथ आज दिल्ली पहुंच गए हैं और अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो आज शाम तक कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
15 से ज्यादा विधायक भी होंगे शामिल
कमलनाथ के साथ विधायक और पूर्व विधायक भी दिल्ली पहुंच गए हैं। कहा जा रहा है कि 15 से ज्यादा विधायक 5 पूर्व विधायक और तीन महापौर भी कमलनाथ और नकुलनाथ के साथ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 19 फरवरी को बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
कमलनाथ के लिए नहीं खुले बीजेपी के दरवाजे
इस बीच बीजेपी के नेता तेजिंदर सिंह बग्गा इस खबर को लगातार अफवाह बता रहे हैं। उन्होनें लिखा बहुत से मित्रों के फोन आ रहे हैं और वो कमलनाथ के बारे में पूछ रहे हैं। मैंने उनसे फोन पर भी कहा है और यहां भी कह रहा हूं कि सिखों के हत्यारे और हिन्द दी चादर गुरु तेगबहादुर जी के गुरुद्वारे रकाबगंज साहिब को जलाने वाले कमलनाथ के लिए भाजपा के दरवाजे ना खुले थे ना खुले हैं। पीएम मोदी जी के रहते ऐसा संभव नहीं हो पाएगा, ऐसा मैं आप सबको भरोसा दिलाता हूं।