HighlightUttarakhand

भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सुविधाओं के हाल-बेहाल, कांग्रेस बोली- सामाजिक सुरक्षा देने में फेल धामी सरकार

टिहरी के प्रतापनगर में चौंड-लंबगांव सीएचसी के वायरल वीडियो से पहाड़ों पर स्वास्थ्य सुविधाओं के हाल पर सवाल खड़े करते हुए उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने धामी सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि सामाजिक सुरक्षा देने में धामी सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है।

BJP सरकार में प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं के हाल बेहाल

गरिमा दसौनी ने कहा की सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे टिहरी के अस्पतालों में दर-दर भटकती और दर्द से कराहती महिला का वीडियो बहुत ही शर्मसार करने वाला है। दसौनी ने उत्तराखंड सरकार को लताड़ते हुए कहा की एक महिला को सम्मान से जीने का अधिकार है।

मुख्यमंत्री धामी जो आजकल हर जिले में जाकर ईजा, बेटी और ब्वारि इत्यादि कार्यक्रम कर रहे हैं उन्हें करने का कोई महत्व नहीं है अगर वो प्रदेश की महिलाओ को सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा नहीं दें सकते। दसौनी ने कहा कि आज ग्रामीण अंचलों में हमारी महिलाएं जंगली जानवरों के मुंह का निवाला बन रही हैं लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। आज स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में हमारी मातृशक्ति और उनके नवजात शिशु दम तोड़ रहे हैं सरकार के लिए ये कोई छुटपुट घटना है।

कांग्रेस ने दी धामी सरकार को नसीहत

गरिमा दसौनी ने कहा कि प्रसव के दौरान सिर्फ बच्चे का ही जन्म नहीं होता बल्कि मां का भी पुनर्जन्म होता है। परंतु इसे प्रदेश की विडंबना ही कहा जा है मातृशक्ति के उस कठिन दौर में उसे जिन मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत है प्रदेश की डबल इंजन और प्रचंड बहुमत की बड़बोली सरकार उसे वह भी नहीं दे पा रही।

खुद को धाकड़ बताने वाली सरकार अस्पतालों में एक अदद अल्ट्रासाउंड मशीन और एक सफल प्रसव करने लायक भी नहीं तो उसे महिला सम्मान और महिला सशक्तिकरण की बात छोड़ ही देनी चाहिए। दसौनी ने धामी सरकार को नसीहत देते हुए कहा की सशक्तिकरण की बात तो छोड़िए टिहरी के अस्पतालों का जो हाल दिख रहा है उससे तो यही प्रतीत होता है कि सरकार में बैठे लोगों के दिल में ना महिलाओं के लिए कोई सम्मान है और ना संवेदनाएं ।

पहाड़ों पर स्वास्थ्य सुविधा में सुधार के दावे हवा-हवाई

दसौनी ने कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा की महिला के परिजन अस्पताल में डॉक्टर और कर्मचारियों की तलाश में भटकते नजर आ रहे हैं। दो घंटे तक भटकने के बाद भी किसी के नहीं मिलने पर परिजनों ने सन्नाटे में डूबी सीएचसी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाला और शासन-प्रशासन पर सवाल उठाया। इस वायरल वीडियो से साफ हो रहा है कि पहाड़ों पर स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा की क्या स्थिति है।

ऐसे में पहाड़ों पर स्वास्थ्य सुविधा में सुधार के सरकार के दावे पूरी तरह से हवा-हवाई है। ज्यादातर पहाड़ी अस्पतालों की स्थिति यही है। इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं लेकिन सरकार पूरी तरह से पहाड़ी क्षेत्र के स्वास्थ्य सुविधाओं को नजर अंदाज़ कर रही है। केवल उनकी स्वास्थ्य सुविधाएं पोस्टर और विज्ञापनों में दिखती हैं।

सामाजिक सुरक्षा देने में धामी सरकार फेल

गरिमा दसौनी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में फर्क साफ नजर आ रहा है। दसौनी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा देने में तो धामी सरकार पूरी तरह से फेल हो हो गई है। जिसकी बानगी पिछले वर्ष के आंकड़े हैं जहां देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड में 907 महिलाओं का बलात्कार और 778 का अपहरण हो गया।

एनसीआरबी के आंकड़ों के हिसाब से नौ हिमालयी राज्यों को हमने महिला अपराध में पीछे छोड़ दिया। दसौनी ने धामी सरकार को नसीहत देते हुए कहा की नौटंकी आडंबर और प्रपंच से भरे हुए महिला सम्मान के दिखावे के कार्यक्रम करने की बजाय अस्पतालों की सुध लीजिए। गरिमा दसौनी ने पूछा कि आखिर कब तक उत्तराखंड की महिलाएं एक अक्रमण्य स्वास्थ्य मंत्री की गलती का खामियाजा भुगतती रहेंगी?

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें