कोरोना के कहर के बीच भारत में बर्ड फ्लू ने दस्तक दी। भारत में कई राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। उत्तराखंड समेत कई राज्यों में कौवे, कबूतर, प्रवासी पक्षी मृत पाए गए जिनके सैंपल लिए गए और उनमे बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। वहीं बता दें कि इस वक्त की बड़ी खबर दिल्ली से है जहां के चिड़ियाघर में उल्लू मृत पाया गया औऱ जब उसका सैंपल जांच के लिए लिया गया तो उसमे बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।
जी हां चिड़ियाघर के निदेशक रमेश पांडेय ने शनिवार को बताया कि जांच में उल्लू में एच-5 एन-8 एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हुई है। रमेश पांडेय ने बताया कि मरे उल्लू के नमूनों को आरटीपीसीआर जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा व पशु रोग संस्थान भेजा गया था। शुक्रवार को ही उल्लू में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार की तरफ से जो भी गाइडलाइंस जारी की गई हैं, उनको ध्यान में रखते हुए मौजूदा समय चिड़ियाघर के अंदर निगरानी बढ़ा दी गई है। चिड़ियाघर में सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। जानकारी दी कि बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद पक्षियों को आइसोलेट किया जा रहा है। इसके अलावा लगातार निगरानी रखी जा रही है। उनके बर्ताव और स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजाना नियमित अंतराल पर चूना, विर्कन-एस, सोडियम हाइपोक्लोराइड और पोटैशियम परमैगनेट का छिड़काव किया जा रहा है।
जानकारी दी कि चिड़ियाघर के अंदर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। चिड़ियों के परिक्षेत्र में बिना आवश्यक कर्मचारियों के भी आनेजाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। चिड़ियाघर में देशी और विदेशी प्रजातियों के पक्षियों की काफी संख्या है। इसलिए खतरा और डर बढ़ गया है। वहीं प्रशासन उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम में जुटा है।