टिहरी: टिहरी घनसाली थाना इलाके में शक ने पति-पत्नी के बीच इस कदर विवाद खड़ा कर दिया कि पति ने पत्नी को ही मौत के घाट उतार दिया। उसे शक था कि उसकी बीवी का किसी और के साथ चक्कर चल रहा है। महिला की लाश घर के नीचे खेत में मिली। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि आरोपी विक्रम सिंह पुंडीर घनसाली थाना के नेलचामी पट्टी के थार्ती गांव का रहने वाला है। विक्रम विदेश में नौकरी करता था। कोरोना में लॉक डाउन लगा और विक्रम लौट के अपने गांव आ गया। तब से विक्रम घर में ही था और इसी दरम्यान उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी शशि (27) का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है। इसी को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था और यही विवाद शशि की मौत की वजह बन गया।
विक्रम सिंह पुंडीर अपनी पत्नी शशि देवी और 3 साल का बेटे के साथ रहता था। विक्रम ने पत्नी की हत्या कर दी, लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद वह भागा नही। सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो विक्रम घर में ही था और पुलिस ने उसे घर से ही गिरफ्तार किया। पत्नी मर चुकी है और कत्ल के आरोप में पति जेल जा चुका है। अब घर में 3 साल का बेटा अकेला रह गया है।
कत्ल से पहले शशि और विक्रम के बीच बहुत कहासुनी हुई थी। गुस्से में विक्रम रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के कई वार लगने के बाद भी शशि ने खुद को बचाने की बहुत कोशिश की। लहूलुहान शशि भागी और घर के नीचे खेत में जा गिरी, जहां उसकी मौत हो गई।
विक्रम ने शशि के शरीर पर 5 से 6 वार किए। शशि आंगन से नीचे खेत में गिर गई और उसने वही दम तोड़ दिया। विक्रम ने पत्नी शशि के पेट और पीठ चाकू से हमले किए। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल पर एसडीएम मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।