असम के सीएम ने किया ऐलान, कहा, नवंबर तक हटा दिया जाएगा पूरे राज्य से AFSPA

असम में राज्य में साल के अंत तक सशस्त्र बल अधिनियम(AFSPA) को पूरी तरह से वापस लेने की तैयारी की जा रही है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने जानकारी दी कि नवंबर तक पूरे राज्य से सशस्त्र बल अधिनियम को हटा दिया जाएगा।
नवंबर तक हटा लिया जाएगा AFSPA
असम में पुलिस आधुनिकीकरण लाने के लिए की गई अगली कड़ी के हिस्से के रूप में असम के सीएम बिस्वा ने सोमवार को डेरगांव में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में कमांडेंटों के पहले सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान अपने भाषण में उन्होंने कहा, AFSPA नवंबर तक पूरे राज्य से हटा लिया जाएगा। यह असम पुलिस बटालियनों द्वारा सीएपीएफ के प्रतिस्थापन की सुविधा प्रदान करेगा। हालांकि, सीएपीएफ की उपस्थिति कानून के अनुसार जरूरी होगी।
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि कमांडेंट और असम पुलिस बटालियन, कमांडेंट द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए सम्मेलन हर छह महीने में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन असम पुलिस बटालियनों को उनके जनादेश को पूरा करने में सक्षम जीवंत निकायों में बदलने में मदद करने के लिए किया गया है।
अभी 8 जिलों में लागू है AFSPA
बता दें कि केंद्र ने पिछले साल पूरे असम राज्य से AFSPA के तहत अशांत क्षेत्रों की अधिसूचना को हटा दिया था, लेकिन यह अभी भी लगभग नौ जिलों और एक अन्य जिले के एक उप-मंडल में लागू है। हालांकि, एक अप्रैल, 2023 से, अधिसूचना को राज्य के एक और जिले से हटा लिया गया था, जिसका अर्थ था कि AFSPA असम के केवल आठ जिलों तक सीमित है।
क्या है सशस्त्र बल अधिनियम (AFSPA)
सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम, 1958 भारत की संसद का एक अधिनियम है जो ‘अशांत क्षेत्रों’ में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को विशेष अधिकार प्रदान करता है। अशांत क्षेत्र अधिनियम, 1976 के अनुसार, एक बार ‘अशांत’ घोषित होने के बाद, क्षेत्र को कम से कम तीन महीने तक यथास्थिति बनाए रखनी होती है।