आप संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से उत्तराखंड आ रहे हैं। बता दें कि अरविंद केजरीवाल 3 जनवरी को दून में रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी ने इसके लिए परेड ग्राउंड का चयन किया है। इसी ग्राउंड पर कुछ दिन पहले ही पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली भी आयोजित हो चुकी है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को आप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अरविंद केजरीवाल के दौरे की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि तीन जनवरी से उत्तराखंड नवनिर्माण अभियान के तहत पार्टी नव परिवर्तन अभियान का शंखनाद करने जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देहरादून में परेड ग्राउंड में ऐतिहासिक रैली को संबोधित करेंगे। गोपाल राय ने कहा कि पार्टी ने चुनाव के अंतिम 45 दिनों में अभियान को गति देने के लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली है।