सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन के TTE को गुस्साए यात्रियों ने शौचालय में किया बंद, जानें कारण

दिल्ली के आनंद विहार से यूपी के गाजीपुर के लिए निकली सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन के टीटीई को गुस्साए यात्रियों ने शौचालय में बंद कर दिया। दरअसल, टीटीई को शौचालय में बंद करने का कारण दो कोच में बत्ती का गुल होना बताया जा रहा है।
TTE को इसलिए किया शौचालय में बंद
जानकारी के अनुसार दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जा रही सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को दो कोचों मे बिजली आपूर्ति आचानक बंद हो गई जिससे यात्री काफी परेशान हुए और गुस्से में उन्होनें टिकट कलेक्टर को शौचालय में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि बिजली गुल होने के कारण एसी ने काम करना बंद कर दिया था। जिसके बाद यात्रियों ने बिजली कटौती को लेकर हंगामा किया और टीटीई को पकड़कर टॉयलेट में बंद कर दिया। इस बीच अधिकारियों के साथ रेलवे पुलिस बल ने यात्रियों को जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
बिजली कटौती के कारण की जांच हुई
हालांकि बाद में ट्रेन को लगभग एक बजे टूंडला स्टेशन पर दो घंटे से अधिक समय तक रोका गया, जहां इंजीनियरों की एक टीम ने बिजली कटौती के कारण की जांच शुरू की और बी1 कोच में समस्या को ठीक किया। इसके बाद बी2 कोच में भी बिजली वापस आ गई और ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।