- Advertisement -
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में तबस्सुम के नाम से मशहूर और दूरदर्शन के शो फूल खिले है गुलशन गुलशन की होस्ट तबस्सुम अब इस दुनिया मंे नहीं रहीं। 78 साल की तबस्सुम का शुक्रवार 18 नवंबर की शाम कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया था। उनके बेटे होशांग ने मीडिया से बात करते हुए यह जानकारी दी। तबस्सुम के निधन पर बॉलीवुड शोक में डूबा है। महानायक अमिताभ बच्चन ने भी तबस्सुम के निधन पर शोक व्यक्त किया है, अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग लिखकर तबस्सुम को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
अमिताभ ने तबस्सुम को याद करते हुए अपने व्लॉग पर लिखा – ‘दमदार तबस्सुम, अभिनेत्री, एंकर, टीवी होस्ट…ऑलराउंडर का निधन हो गया। यह समझ से परे है… आप केवल आंखों और मन के सामने उनकी उपस्थिति और जीवन के समय को याद करते हैं…फूल खिलें हैं गुलशन गुलशन…वे सभी एक-एक कर हमें छोड़कर जा रहे हैं… अमिताभ आगे लिखते हैं- वे एक तस्वीर की तरह उनके जहन में रहेंगी, लोग हमेशा समय की एक इमेज बने रहते हैं…और फिर वे चले जाते हैं…लेकिन जीवन जारी रहता है‘।
शनिवार को जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई लोगों ने उनकी यादों से जुड़े कई पुरानी पोस्ट साझा किए। तबस्सुम को याद करते हुए बॉलीवुड भी भावुक दिखा, खासकर वह लोग जिन्होंने दशकों से तबस्सुम को काम करते देखा है या उनके साथ काम किया है। बता दें कि शो होस्ट के रूप में जानी जाने वाली तबस्सुम का जन्म 1944 में किरण बाला सचदेव के रूप में हुआ था। वह 1950 के दशक की एक लोकप्रिय बाल कलाकार थीं। बाल कलाकार के रूप में उन्होंने जोगन (1950), दीदार (1951) और बैजू बावरा (1952) जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। बाद में, उन्होंने तलाश (1969), हीर रांझा (1970), जॉनी मेरा नाम (1970), और तेरे मेरे सपने (1971) जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय किया।
- Advertisement -
1985 में तबस्सुम ने ‘तुम पर हम कुर्बान‘ फिल्म का निर्देशन और लेखन भी किया था। अपने कई सह-कलाकारों और इंडस्ट्री के लोगों के साथ आजीवन उनके मधुर संबंध रहे। बॉलीवुड के कई दिग्गज अक्सर उनके शो में गेस्ट के तौर पर नजर आते थे। तबस्सुम की शादी अभिनेता अरुण गोविल के भाई विजय गोविल से हुई थी। बता दें कि उनकी याद में सोमवार शाम को एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।