आंखो के साथ ही देश में बढ़ रहा कानों का संक्रमण, जानें कारण

इन दिनों देश में संक्रामक बीमारियों का दौर चल रहा है। आंखो के साथ- साथ लोग कान के संक्रमण से काफी परेशान है। कान में संक्रमण की समस्या से परेशान मरीज आजकल काफी ज्यादा अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं।
मानसून की उच्च आर्द्रता और नम वातावरण के कारण फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। कानों में होने वाले संक्रमण की स्थिति काफी असहज करने वाली होती है। चिकित्सक कहते हैं कि मानसून के दिनों में इस तरह के संक्रमण की समस्या काफी सामान्य है। हालांकि गंभीर स्थिति होने पर सुनने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
इन कारणों से होता है संक्रमण
चिकित्सक कहते हैं कि कानों का यह संक्रमण बैक्टीरियल या फंगल दोनों प्रकार का हो सकता है। यह कान के किसी भी हिस्से को प्रभावित करता है। इसके साथ ही संक्रमण के अन्य कारण सर्दी या फ्लू और एलर्जी भी हो सकते हैं। इन स्थितियों के कारण गले के साथ-साथ नाक और मध्य कान के हिस्से में जमाव और सूजन हो सकती है। जब कान में तरल पदार्थ जमा होने लगता है, तो यह भी कान में संक्रमण का कारण बनता है।
संक्रमित कान के लक्षण
संक्रमित कान के लक्षण कान में तेज दर्द होना, कान से स्राव के साथ बुखार और तेज सिरदर्द होना काफी सामान्य हैं। कुछ लोगों को संक्रमण की स्थिति के कारण सुनाई कम देना और चक्कर आने की समस्या भी हो सकती है। इसलिए हमेशा अपने कानों को सूखा रखें। और नहाने या तैराकी के बाद कान गीले होने पर अच्छे से सुखाए।