National

आप पार्टी को मिला सीएम ममता की पार्टी टीएमसी का समर्थन, कहा राज्यसभा में करेंगे विधेयक का विरोध

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से राज्य सचिवालय नबान्न में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, राज्यसभा सदस्य संजय कुमार और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी का स्वागत किया। वहीं सीएम ममता ने दिल्ली के सीएम केजरीवाल को अपना समर्थन देने की बात कही है।

सीएम ममता ने दिया दिल्ली सरकार को समर्थन

बैठक के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी केंद्र सरकार जो दिल्ली सरकार के खिलाफ अध्यादेश लेकर आई है उसका हम विरोध करेंगे और मैं सभी पार्टियों को भी इसपर साथ आने का आग्रह करती हूं। अगर जरूरत पड़ेगी तो फिर से सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

ममता ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, चुनाव के लिए केवल छह महीने रह गए हैं, हो सकता है उससे पहले भी कोई चमत्कार हो जाए और केंद्र की सरकार चली जाए। वे दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं।

केजरीवाल ने किया सीएम ममता का धन्यवाद

वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु में देखा कि राज्यपाल कैसे सरकार को तंग कर रही हैं। दिल्ली में इन्होंने जो किया वह जनतंत्र के खिलाफ है। देश की जनता को इस अहंकारी सरकार को हटाना चाहिए। मैं दीदी का हमें समर्थन देने के लिए धन्यवाद करता हूं। राज्यसभा में अगर यह बिल गिर जाता है तो यह 2024 से पहले सेमीफाइनल होगा।

नीतीश से भी मिले थे केजरीवाल

बता दें कि सीएम ममता से मिलने से पहले सीएम केजरीवाल इस अध्यादेश पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार से भी मिले थे। नीतीश ने इस मामले में आप को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया। वहीं सीएम केजरीवाल बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता शरद पवार से भी मुलाकात करेंगे। 

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें