Uttarakhand

आंगनबाड़ी की समीक्षा बैठक में मंत्री Rekha Arya के निर्देश, एक महीने में बने बच्चों के आधार-आभा ID

प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विधान सभा स्थित सभागार कक्ष में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा बैठक में मंत्री रेखा आर्या के निर्देश

दरअसल मंत्री रेखा आर्या ने आंगनबाड़ी सेवाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के आंगनबाड़ी केन्द्रों में पंजीकृत सभी बच्चों का प्रत्येक माह वजन तौला जाए। जिससे प्रदेश में कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों की पहचान हो सके। उन्हें केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रदान कर स्वस्थ बच्चों की श्रेणी में लाया जा सकें।

पोषाहार वितरण का डेटा एफआरएस ट्रेकर में भरा जाए

उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की हीला हवाली न बरती जाय। वहीं मंत्री ने एफआरएस (फेसियल रिकॉगनीशन सिस्टम) के माध्यम से वितरित किए जाने वाले टीएचआर (पोषाहार) की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोषाहार वितरण का डेटा एफआरएस ट्रेकर में अनिवार्य रूप से भरा जाए। ताकि एफआरएस ट्रेकर में प्रदेश का रिकार्ड अच्छा हो और प्रदेश को योजनाओं के अंतर्गत केन्द्र से समुचित बजट प्राप्त हो सके।

कम से कम एक घंटा दर्ज कराए उपस्थिति

मंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ड्यूटी में व्यस्तता के तहत ये देखने को मिल रहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां आंगनबाड़ी केन्द्रों में अपनी उपस्थिति नहीं दे रहीं हैं। साथ ही विभागीय कार्यों की अनदेखी कर रहीं हैं। लिहाजा विभागीय अधिकारी जिलों में पत्राचार कर यह सुनिश्चित करें कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां कार्य दिवस में कम से कम एक घंटा अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं तथा विभागीय कार्यों को भी संपादित करें।

एक महीने में बनें बच्चों के आधार-आभा ID

मंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में पंजीकृत 03 से 06 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों के आभा आईडी व आधार कार्ड अनिवार्य रूप से एक माह के भीतर बना दिए जाएं।

रिक्त पदों पर जल्द हो भर्ती

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में 438 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व 2773 सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अतिशीघ्र ही अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। जिससे रिक्तियों के भर जाने से आंगनबाड़ी केन्द्रों के कार्यों के भली भांति संपादन में सुविधा रहे।

‘लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई’ – रेखा आर्या

मंत्री ने शासन व जिला स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचना चाहिए। विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही देखने को न मिले। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों के संपादन में हीला हवाली बरते जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

Uma Kothari

उत्तराखंड की डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय उमा कोठारी खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) में बतौर पत्रकार कार्यरत हैं। वे राजनीति, मनोरंजन, खेल और ट्रेंडिंग विषयों पर गहन और तथ्यपरक खबरें लिखती हैं। उत्तराखंड के स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर इनकी पकड़ मजबूत है। डिजिटल मीडिया में इनका अनुभव पाठकों को सटीक, संतुलित और समय पर जानकारी देने में सहायक है। उत्तराखंड | खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें