Dehradun News

मानसून से पहले तैयारियों पर मंत्री खजान दास सख्त, अधिकारियों को दिए समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश

आगामी मानसून को देखते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में संभावित समस्याओं से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मानसून से पहले सभी जरुरी व्यवस्थाओं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मानसून से पहले तैयारियों पर मंत्री खजान दास सख्त

बैठक में मंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम से पहले चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

MDDA के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भड़के मंत्री

MDDA के वरिष्ठ अधिकारी की बैठक में अनुपस्थिति पर कैबिनेट मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि आगामी बैठकों में एमडीडीए के जिम्मेदार और उच्च अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी निर्णय लिए जा सकें।

बैठक के दौरान एमडीडीए की ओर से बताया गया कि आढ़त बाजार को ब्राह्मणवाला स्थानांतरित करने से संबंधित निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। साथ ही प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी जारी है और अब तक 78 से अधिक रजिस्ट्रियां कराई जा चुकी हैं।

मंत्री ने की पेयजल समस्याओं की समीक्षा

कैबिनेट मंत्री ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल समस्याओं की भी समीक्षा की। उन्होंने पलटन बाजार क्षेत्र और प्रिंस चौक में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के लिए शासन स्तर पर 29.14 करोड़ की ईएफसी स्वीकृत हो चुकी है।

परेड ग्राउंड की सफाई व्यवस्था पर भी मंत्री ने जताया असंतोष

खजान दास ने लोक निर्माण विभाग से कांवली रोड, सुभाष रोड और मॉडर्न कॉलोनी रोड की स्थिति की जानकारी लेते हुए मानसून से पहले इन सड़कों को सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारी सक्रियता दिखाएं और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। परेड ग्राउंड की सफाई व्यवस्था पर भी मंत्री ने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गांधी पार्क की व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं, उसी तर्ज पर परेड ग्राउंड की साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जाए।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें