1 साल से बेटी की राह देख रही मां, वायरल वीडियो को लेकर फैली गलतफहमी का सच आया सामने

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला स्थानीय देवता के सामने अपनी बेटी के बारे में जानकारी मांगती नजर आ रही है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा था कि यह महिला बबिता पांडे की मां हैं। हालांकि पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ है।
23 जून 2025 को यमुनोत्री आपदा में लापता हुई थी 11 साल की भाविका शर्मा
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला बाबिता पांडे की मां नहीं, बल्कि भविका शर्मा की मां हैं। भविका शर्मा वह 11 वर्षीय बच्ची है जो 23 जून 2025 में यमुनोत्री मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे के बाद लापता हो गई थी। उस समय हादसे के दौरान पांच लोग भूस्खलन की चपेट में आए थे, जिनमें दिल्ली निवासी भविका शर्मा भी शामिल थी।
बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहा परिवार
घटना के बाद से बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया। परिवार का कहना है कि एक साल बीत जाने के बावजूद वे अपनी बेटी की तलाश में जुटे हुए हैं और आज भी उन्हें उम्मीद है कि उनकी बच्ची जीवित हो सकती है। परिजनों के अनुसार हादसे के बाद पुलिस ने एक पैर मिलने के आधार पर भविका को मृत मान लिया था। हालांकि परिवार इस निष्कर्ष से संतुष्ट नहीं है और लगातार अपनी बेटी की तलाश कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद फिर चर्चा में आया भाविका केस
भाविका के परिजन प्रशासन, पुलिस और अन्य माध्यमों से बच्ची का पता लगाने की कोशिशों में लगे हुए हैं। इसी बीच हाल ही में एक वीडियो सामने आया था। जिसमें भाविका की मां बौखनाग देवता से अपनी बच्ची के लिए जानकारी मांगती नजर आ रही है। अब भाविका की मां ने खुद मीडिया के सामने आकर इसका खंडन किया है।
ये भी पढ़ें: यमुनोत्री पैदल मार्ग से बरामद हुए भूस्खलन में लापता हुए शव, 11 साल की बच्ची की हुई शिनाख्त
DNA रिपोर्ट पर परिजनों ने उठाये सवाल
भाविका के परिजनों ने बताया कि पुलिस की ओर से उन्हें बच्ची के लापता होने के 55 दिनों बाद एक DNA रिपोर्ट थमा दी जाती है। जिस पर परिजनों ने सवाल उठाते हुए जांच प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर चिंताएं जताई हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें अभी भी कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वीडियो का संबंध बाबिता पांडे प्रकरण से नहीं, बल्कि उनकी एक साल से लापता बेटी भविका शर्मा से जुड़ा है।