हुड़दंगी पर्यटकों से कैसे बचेगा उत्तराखंड?, वायरल वीडियोज ने बढ़ाई चिंता

टूरिस्ट सीजन शुरू होते ही उत्तराखंड में हुड़दंगी पर्यटकों के आंतक की खबरें भी आम हो जाती है। राज्य अपनी खूबसूरती को लेकर नहीं बल्कि हुड़दंग, मारपीट और गाली गलौज के उन वीडियोज को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाता है। हाल के समय में भी सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियोज तैर रहे हैं। इसी बीच एक और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। जिसने उत्तराखंड के क्वालिटी टूरिजम और सीविक सेंस पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तराखंड में हुड़दंग की कई वीडियोज हो रही वायरल
दरअसल बीते कुछ दिनों से इंटरनेट पर हरियाणा वर्सेज उत्तराखंड का विवाद गर्माया हुआ था। मामला इतना बढ़ गया था कि सोशल मीडिया पर बायकॉट उत्तराखंड जैसे हैशटैग भी ट्रेंड हो रहे थे। इसके बाद भी लगातार सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल होने लगे जहां बाहर से आए पर्यटक उत्तराखंड में हंगामा करते नजर आ रहे हैं।
ऋषिकेश में भी मचा था बवाल
ऋषिकेश से से भी कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें लोगों ने आरोप लगाया है कि हरियाणा से आए टूरिस्ट अपनी कार में कपड़े उतारकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर माहौल खराब कर रहे थे। अब इसके बाद पुलिस और टूरिस्टों की इसे लेकर बहस होने लगी। जिसके बाद पुलिस कर्मी ने गाली देते हुए एक युवती को धक्का मार दिया जो काफी ज्यादा निंदनीय है।
कर्णप्रयाग में निहंग सिखों ने तलवारों से किया जानलेवा हमला
वहीं कर्णप्रयाग से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया जहां मामूली कहासुनी के बाद निहंग सिखों ने तलवारों से स्थानीय लोगों पर जानलेवा हमला किया। जिसमें एक शख्स गंभीर रुप से घायल हो गया। ऐसे ही ना जाने कितने ही हंगामे के वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।
लो क्वालिटी टूरिजम अभी थमा नहीं
ये लो क्वालिटी टूरिजम का बवाल अभी थमा नहीं है क्योंकि टूरिस्ट सीजन अभी खत्म नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर एक बार फिर ऋषिकेश के मुनि की रेती इलाके से एक ऐसे ही हंगामे का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग दुकान पर सामान फेंक रहे है। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच जाती है।
ऋशिकेश में फिर हंगामा, वीडियो वायरल
हैरानी की बात ये है कि इस बहस के बीच महिलाएं भी पीछे नहीं हैं वो सामान उठा उठाकर दुकान के अंदर की तरफ फेंकती नजर आ रही हैं। हर तरफ अफरा तफरी का माहौल है। जिसके बाद यहां स्टूल तक फेंके जाने लगे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला के स्टूल फेंकने के बाद किस तरह से एक आदमी स्टूल लेकर महिला की तरफ हमला करने जाता दिख रहा है।
उत्तराखंड में बदल रहा टूरिज्म कल्चर!
अब इस विवाद की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है। जिस वजह से इस हंगामे में कौन सही है कौन गतल ये कहना फिलहाल जल्दबाजी होगी। लेकिन जो भी यहां हो रहा है उसे किसी भी लिहाज से सही नहीं ठहराया जा सकता। अब जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हुआ तो लोग इसे लेकर अलग-अलग रिऐक्शन देने लगे।
कुछ लोग इसे उत्तराखंड के बदलते टूरिज्म कल्चर का नतीजा भी बता रहे हैं। तो कुछ लो क्वालिटी टूरिज्म। लेकिन ऐसे वीडियोज के आधार पर सभी पर्यटकों को कटघरे में खड़ा करना भी सही नहीं है। अगर पर्यटन अनुशासन और संवेदनशीलता के बिना होगा तो हर पर्यटन सीजन में ऐसे वीडियोज आपको और हमको आगे भी देखने मिलेंगे।