CM ने दिलाई सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ, दी सुशासन की सीख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस दौरान सीएम ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सचिवालय परिवार की महत्वपूर्ण है। सचिवालय शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। इस दौरान सीएम ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को सुशासन की सीख भी दी।
CM ने दिलाई सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी और संजय कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल और सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल और प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित सभी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। साथ ही बधाई भी दी।
शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है सचिवालय: CM
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है, जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है और प्रदेश के विकास की रूपरेखा तैयार होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय में कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण सहभागी है। सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों और योजनाओं को धरातल पर उतारने और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सचिवालय कर्मचारी शासन और जनता के है मजबूत सेतु
सीएम ने कहा कि सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी शासन और जनता के बीच विश्वास के मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं। उनकी कार्यकुशलता, कर्मनिष्ठा और समर्पण से सरकार की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचता है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रारंभ से ही शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने का प्रयास किया है। इसी क्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में कार्य किया गया है।