नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की गला रेतकर हत्या, बाथरूम में मिला खून से लथपथ शव

रुड़की के एक नशामुक्ति केंद्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां भर्ती एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का शव केंद्र के बाथरूम में खून से लथपथ हालत में मिला। जबकि उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक का गला रेतकर हत्या
मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरी गांव के पास स्थित अनमोल नशा मुक्ति केंद्र का है। मृतक की पहचान लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (39) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष को करीब चार महीने पहले उसके परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज बाथरूम में पहुंचा। अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
बाथरूम में लहूलुहान हालत में मिला शव
बाथरूम में आशीष का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। शोर मचने पर केंद्र संचालक समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की जांच जारी: SP देहात
वहीं पुलिस नशा मुक्ति केंद्र में मौजूद मरीजों और संचालकों से पूछताछ कर रही है। पुलिस केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले को लेकर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की इसका जल्द खुलासा किया जाएगा।