उधम सिंह नगर में दर्दनाक हादसा: हाईवे पर दो कार की जबरदस्त भिड़ंत, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

उधमसिंह नगर में मंगलवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। नानकमत्ता में दहला रोड स्थित हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमे एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाईवे पर दो कार की जबरदस्त भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे दहला रोड हाईवे पर कार संख्या (UK 06 AE 5310) और एक नई कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि नई कार का स्वामी उसे हल्द्वानी शोरूम से लेकर चम्पावत की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार सवार लोग अंदर ही फंस गए।
उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान दीपान्त सिंघल (24 ) पुत्र पवन कुमार सिंघल, निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
दो युवकों की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों की पहचान मनप्रीत सिंह (27), निवासी किच्छा, चन्द्रप्रकाश जोशी (35), निवासी चम्पावत के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।