उत्तराखंड में यहां हो रहा था गोल्ड स्कैम: असली गहनों के बदले थमाए नकली आभूषण, ऐसे हुआ खुलासा

उत्तराखंड के चमोली जिले से गोल्ड स्कैम का मामला सामने आया है। पुलिस ने असली सोना बदलकर नकली सोना देने वाले ठगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने हॉलमार्क लगाने की मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
चमोली में असली गहनों के बदले थमाए नकली आभूषण
बता दें 19 मार्च को लवली रावत पत्नी संदीप रावत निवासी ज्योतिर्मठ ने मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी। महिला ने बताया कि उन्होंने जुलाई 2025 में अपनी नथ और झुमके 40 हजार में प्रतिमाह 2 हजार ब्याज पर अपर बाजार ज्योर्तिमठ स्थित आदय ज्वैलर्स के संचालक बंटी कुमार के पास गिरवी रखे थे। महिला ने बताया कि नवंबर में उसने 40 हजार वापस करने के बाद दिसंबर में अपनी ज्वैलरी वापस ले ली।
ऐसे हुआ खुलासा
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जब अपनी नथ और झुमके पहने तो अन्य लोगों द्वारा उनके नकली होने की आशंका व्यक्त की। ज्वैलरी की चमक और गुणवत्ता पर शक होने पर महिला ने उक्त ज्वैलरी को बाजार के अन्य ज्वैलर्स के यहां दिखाया। जहां उन्हें पता चला कि नथ और झुमके नकली हैं। जिन पर चालाकी से होलमार्क लगाया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोने और चांदी का भाव धड़ाम!, आज इतना सस्ता हुआ गोल्ड
21 मार्च को पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला को पूछताछ के लिए ज्योतिर्मठ पुलिस स्टेशन बुलाया। जहां पुलिस ने पीले धातु से बनी दो नकली नथें और दो बालियां जो आरोपी बंटी कुमार ने महिला को सौंपी थीं को सील कर दिया। आरोपी बंटी कुमार को हिरासत में लेकर पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की। जिसमें आरोपी बंटी ने स्वीकार किया कि उसने महिला के असली सोने के गहनों की जगह लेने के लिए नकली गहने बनवाए थे, उन पर जाली हॉलमार्क लगाए थे, और बाद में उन्हें शिकायतकर्ता को वापस कर दिया था।
हॉलमार्क मशीन समेत आरोपी गिरफ्तार
आरोपी से पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग निवासी पंकज कुमार प्रभु कम कैरेट की ज्वेलरी पर फर्जी 20 कैरेट की मोहर लगाकर उसे असली हॉलमार्क ज्वेलरी की तरह तैयार करता था, जिसके लिए उसके पास बिना लाइसेंस की हॉलमार्क मशीन भी मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम कर्णप्रयाग पहुंची और आरोपी बंटी कुमार की निशानदेही पर पंकज कुमार प्रभु को कर्णप्रयाग बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से हॉलमार्क लगाने में प्रयुक्त मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार के बताये जा रहे हैं।