गैरसैंण में गरमाया सियासी माहौल: विधानसभा कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दूसरे दिन सियासी माहौल गरमा गया। जहां एक ओर सदन के भीतर सरकार की ओर से कई अध्यादेश पटल पर रखे जाने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा कूच का ऐलान कर दिया।
विधानसभा कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
कांग्रेस के इस मार्च को रोकने के लिए प्रशासन ने गैरसैंण के दिवालीखाल के पास बैरिकेडिंग कर दी, जहां पुलिस ने बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इसके चलते मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरदा समेट कई बड़े नेता मौजूद
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सहित हजारों कार्यकर्ता भराड़ीसैंण की ओर कूच कर रहे थे। प्रशासन ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को देखते हुए कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर दी और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ स्थानों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से पानी की बौछार भी की गई।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand Budget Session: सत्र का दूसरा दिन आज, हंगामे के साथ शुरू हुई सदन की कार्रवाई
हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है मौजूदा सरकार: कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य में नौजवानों के रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य में लगातार पलायन बढ़ रहा है, गांव खाली हो रहे हैं और जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। उनका आरोप है कि इन गंभीर मुद्दों पर सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे, जिसके विरोध में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गैरसैंण पहुंचे हैं।