सड़क किनारे सवारी उतारने-चढ़ाने वाली बसों पर होगी कार्रवाई, SSP ने दिए निर्देश

देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने आज देहरादून शहर के व्यवस्तम चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को यातायात के दबाव को कम करते हुए यातायात के सुगम संचालन के निर्देश दिए।
रिस्पना चौक में रखे डिवाडर को पीछे करने के दिए निर्देश
रिस्पना चौक के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रिस्पना पुल पर बने ऑटो स्टैंड व उसके सामने बने डिवाइडर के कारण रिस्पना चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने के दृष्टिगत सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए डिवाडर को थोड़ा पीछे करने के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए, जिससे चौक पर उक्त मार्ग के चौड़ा होने से यातायात के दबाव को कम किया जा सके।
ISBT के बाहर खड़े सीज वाहनों को शिफ्ट करने के दिए निर्देश
आईएसबीटी पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करवाने, सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन के माध्यम से टो करने और सड़क पर सवारी उतराने और चढ़ाने वाली बसों व अन्य सवारी वाहनों के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा चौकी आईएसबीटी के बाहर खड़े सीज वाहनों के लिये स्थान चिन्हित कर उक्त वाहनों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए, जिससे उक्त स्थानों पर वाहनों का सुगमता से आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
शिकायतकर्ताओं ने बताई अपनी समस्या
ISBT चौकी में इंस्पेक्शन के दौरान SSP देहरादून ने चौकी में अपनी समस्याएं लेकर आए शिकायतकर्ताओं से बात की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और आम जनता की शिकायतों और समस्याओं के प्रति गंभीर होकर, उन पर तुरंत एक्शन लेने के लिए मौजूद अधिकारियों को ज़रूरी गाइडलाइन्स दीं।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
कारगी चौक के इंस्पेक्शन के दौरान ट्रैफिक सिस्टम के बेहतर मैनेजमेंट के लिए मौजूद अधिकारियों को चौक पर बने पुलिस बूथ को थोड़ा पीछे करने और चौक और उसके आसपास सड़क पर बेवजह गाड़ियां पार्क न करने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, ISBT और उसके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले ड्राइवरों, खासकर सड़क पर बेवजह गाड़ियां पार्क करके ट्रैफिक सिस्टम को प्रभावित करने वालों के खिलाफ असरदार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।