सुबह अचानक भौंकने लगा दुल्हन का कुत्ता, लड़के वालों ने पीटा तो लड़की ने शादी से किया इनकार

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है जिसे सुनकर आप हैरान और परेशान दोनों हो जाएंगे। यहां शादी टूटने का एक अनोखा मामला सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर अब चर्चा का विषय बन गया है। शादी वाला घर रणभूमि में बदल गया जब दूल्हे पक्ष ने दुल्हन के पालतू कुत्ते को जमकर मारा। यहीं बात इतनी बड़ी बन गई कि लाठी-डंडे तक बरसे। मामला थाने पहुंचा जहां दुल्हन ने शादी करने से ही इनकार कर दिया।
शादी टूटने का अनोखा मामला
दरअसल ये पूरी घटना खगा कोतवाली क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस की है। दुल्हन का परिवार शादी के लिए प्रयागराज से फतेहपुर पहुंचा था। तो वहीं यहां पर दूल्हा परिवार समेत बारात लेकर आया। दुल्हे के मुताबिक दोनों पहले से ही रिलेशन में थे।
कुछ समय पहले ही दोनों मंदिर में भागकर शादी की थी। हालांकि परिवारों के बीच बाद में बनी सहमति के बाद रिश्ते को औपचारिक रूप देने का फैसला किया गया। जिसके चलते शादी का आयोजन किया गया। जयमाला के साथ शुरूआत की बाकी सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं।
सुबह-सुबह अचानक भौंकने लगा दुल्हन का कुत्ता
हालांकि तड़के चार बजे विवाद की चिंगारी लगी। दुल्हन का पालतू कुत्ता अचानक से रस्मों के बीच भौंकने लगा। कुत्ते को भौंकता देख दुल्हे पक्ष वाले चिढ़ गए और उसे पीट दिया। ये देख लड़की के परिवार वालों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट में बदल गया।
लड़के वालों ने कर दी कुत्ते की पिटाई
विवाद इतना बढ़ गया कि कुर्सियां और लाठी-डंडे बरसने लगे। दुल्हन पक्ष के तीन लोग के सिर पर गंभीर चोटें भी आईं। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और शादी की रस्मों को रुकवाया। अगले दिन गुरुवार को दोनों पक्ष पुलिस स्टेशन पहुंचे। इस दौरान दुल्हन ने सख्त रुख अपनाया।
दुल्हन ने शादी से किया इनकार
दुल्हन ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि अब वो इस परिवार में शादी नहीं करना चाहती। दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों के बीच समझौता हो गया। शादी में दिए गए उपहार और नकदी वापस कर दिए गए। किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की।