कोटद्वार में हर साल हो सनेह बर्ड फेस्टिवल आयोजित, विधायक ऋतु खण्डूडी ने दिया CM के सुझाव

सनेह बर्ड फेस्टिवल को एक स्थायी पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बीते दिनों पहले कोटद्वार में आयोजित सनेह बर्ड फेस्टिवल के अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष एक दूरदर्शी प्रस्ताव रखा। उन्होंने आग्रह किया कि सनेह बर्ड फेस्टिवल का आयोजन प्रत्येक वर्ष 31 जनवरी को नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह कार्यक्रम एक स्थायी वार्षिक उत्सव के रूप में स्थापित हो सके।
31 जनवरी को हर साल सनेह बर्ड फेस्टिवल आयोजित करने के दिया सुझाव
विधायक ने सुझाव दिया कि इस बर्ड फेस्टिवल को राज्य सरकार के वन विभाग और पर्यटन विभाग के आधिकारिक वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि यदि तिथि पहले से तय रहेगी तो देश-विदेश के पक्षी प्रेमी, प्रकृति शोधकर्ता और पर्यटक अपनी यात्रा की पूर्व योजना बना सकेंगे। इससे कोटद्वार को एक विशिष्ट बर्ड टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी। विधायक ने जानकारी दी कि इस विषय को लेकर आज राजाजी नेशनल पार्क के निदेशक साकेत बडोला और प्रभागीय वनाधिकारी कोटद्वार आकाश गंगवार के साथ सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। बैठक में सनेह बर्ड फेस्टिवल को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।
सनेह बर्ड फेस्टिवल के लिए की जाएगी आधिकारिक वेबसाइट तैयार
बैठक में निर्णय लिया गया कि सनेह बर्ड फेस्टिवल के लिए एक समर्पित आधिकारिक वेबसाइट तैयार की जाएगी। साथ ही कार्यक्रम का आधिकारिक लोगो बनाया जाएगा। पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों की सुविधा के लिए वॉच टावर, दूरबीन, सूचना पटल और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। आयोजन के प्रचार-प्रसार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की दिशा में भी ठोस रणनीति बनाई जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी प्रस्तावों को लेकर शीघ्र विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अमल में लाया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में यह उत्सव और अधिक भव्य और संगठित रूप में आयोजित हो सके।
जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता को भी मिलेगी मजबूती
ऋतू खण्डूडी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार, वन विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से सनेह बर्ड फेस्टिवल को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। इससे न केवल पक्षी प्रेमियों, पर्यावरणविदों और पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और व्यवसायों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता को भी मजबूती मिलेगी। कोटद्वार विधायक ने विश्वास जताया कि भविष्य में हर वर्ष 31 जनवरी को कोटद्वार में सनेह बर्ड फेस्टिवल भव्य स्तर पर आयोजित होगा और यह उत्सव उत्तराखंड की प्रमुख पर्यावरणीय और पर्यटन गतिविधियों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।