कोहरा बना काल: अज्ञात वाहन ने मारी बाइक को टक्कर, होमगार्ड समेत दो की मौत

रुड़की में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। घने कोहरे में हुए इस भीषण हादसे में जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में से एक उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात था।
अज्ञात वाहन ने मारी बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर
घटना रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांशीपुर पिकेट के पास हुई जहां नहर पटरी मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जीजा साले की मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लाल सिंह (40) निवासी बिजोपुरा जो यूपी पुलिस में होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे और उनके साले अमरीश (35 ) निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
घने कोहरे के कारण हुआ हादसा
हादसे के बाद से ही दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ। वहीं टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: 1 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम: IMD ने जारी किया इन जिलों के लिए बारिश-बर्फ़बारी का अलर्ट