DehradunBig News

Dehradun murder case: प्यार के नाम पर सब कुछ दांव पर लगाया, फिर गोली मारकर कर दी हत्या!

Dehradun murder case: ऋषिकेश में शनिवार देर रात महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। मृतका के पिता ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। साथ ही महिला के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। फ़िलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

घर में घुसकर की थी महिला की गोली मारकर हत्या

शनिवार देर रात शिवाजी नगर की गली नंबर 11 में किराये पर रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है। प्रीति एम्स ऋषिकेश में सहायिका के पद पर कार्यरत थीं और शिवाजी नगर में अकेले किराये के मकान में रह रही थीं। घटना के संबंध में मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी, जिसमें सुरेश गुप्ता पर उनकी बेटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मृतका के प्रेमी पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार मृतका का कुछ साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों की जान-पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और सुरेश गुप्ता का प्रीति के घर आना-जाना होने लगा। पुलिस के अनुसार, जब इस संबंध की जानकारी सुरेश गुप्ता के परिवार को हुई तो उसके और उसकी पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगे।

संपत्ति खरीदने को लेकर था मनमुटाव

स्थानीय लोगों द्वारा पारिवारिक विवाद सुलझाने के प्रयास भी किए गए, लेकिन प्रेम प्रसंग के चलते तनाव बढ़ता गया। करीब चार माह पहले सुरेश ने प्रीति से विवाह करने के लिए आपसी सहमति से अपनी पत्नी से तलाक ले लिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रीति और उसके परिजनों ने ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात रखी थी, जिसके चलते सुरेश ने लक्सर, हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख में बेच दी। इस रकम में ऋषिकेश में मनचाही संपत्ति न मिल पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ गया, जिससे सुरेश अवसाद में चला गया।

ये भी पढ़ें: देहरादून में महिला की सनसनीखेज हत्या, दरवाजा खोलते ही सीने में मारी गोली, मौत से मचा हड़कंप

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग, पत्नी से तलाक, संपत्ति बेचने के बावजूद विवाह व मकान न ले पाने की स्थिति और बढ़ते मानसिक तनाव के चलते आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button