Nainital NewsBig News

हल्द्वानी राधिका ज्वेलर्स चोरीकांड का खुलासा, किरायेदार बनकर रह रहे थे चोर, 4 गिरफ्तार

हल्द्वानी शहर के सबसे चर्चित राधिका ज्वेलर्स चोरीकांड का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी साझा की। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी में शामिल अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

किरायेदार बनकर रह रहे थे चोर

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से ज्वेलर्स के बगल की दुकान में किरायेदार बनकर रह रहे थे और मौके की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल, महाराष्ट्र और झारखंड के रहने वाले शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठित गिरोह के रूप में ज्वेलरी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने चोरी किए जेवरात किए बरामद

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना झारखंड निवासी मकसूद और महाराष्ट्र निवासी तनवीर है। दोनों ने ही पूरी चोरी की योजना बनाई और अन्य साथियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 54 ग्राम सोना और 7.25 किलोग्राम चांदी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: हल्द्वानी में अब तक की सबसे बड़ी लूट: राधिका ज्वेलर्स से 1 करोड़ से ज्यादा का सोना-चांदी गायब, जांच में जुटी पुलिस

4 आरोपी अभी भी फरार

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की बोलेरो गाड़ी को भी बरामद कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि इस चोरी की वारदात में चार से अधिक चोर शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के अलावा अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

20 दिसंबर को राधिका ज्वेलर्स में हुई थी लूट

गौरतलब है कि 20 दिसंबर को हल्द्वानी स्थित राधिका ज्वेलर्स में चोरी की यह बड़ी घटना हुई थी, जिसमें 1 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें