Udham Singh NagarBig News

खटीमा में खुलेआम युवक की चाकू मारकर हत्या, दो गंभीर घायल, इलाके में सनसनी

खटीमा में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी मच गई जब रोडवेज बस अड्डे के पास पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। भीड़भाड़ वाले इलाके में आए कुछ युवकों ने तुषार शर्मा (24) पर उसके दो अन्य दोस्तों पर चाकू से वार कर दिया। जिसमें तुषार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर दिया है। जबकि अन्य अभी भी फरार हैं।

खटीमा में खुलेआम युवक की चाकू मारकर हत्या

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे तुषार शर्मा अपने साथियों सलमान और अभय के साथ बस अड्डे के पास एक चाय की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान गोटिया इस्लामनगर से आए कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। पुरानी दुश्मनी के चलते शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसक हो गया और हमलावरों ने धारदार हथियार निकालकर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने तुषार को निशाना बनाते हुए बेरहमी से चाकू मारे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो युवकों की हालत गंभीर

हमले में सलमान और अभय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम धारदार हथियारों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

दो साल पहले हुई थी शादी

मृतक तुषार शर्मा की करीब दो साल पहले ही शादी हुई थी। वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था। बेटे की हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है और घर में मातम पसरा हुआ है। हत्या की इस वारदात के बाद खटीमा में आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल और विभिन्न संगठनों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

व्यापार मंडल ने किया बाजार बंद का ऐलान

विरोधस्वरूप व्यापार मंडल ने बाजार बंद करने का ऐलान किया है। वहीं बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य हिंदू संगठनों ने खटीमा में डेरा डाल दिया है। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए हैं।

आरोपी की मां को पुलिस ने हिरासत में लिया

पुलिस ने देर रात करीब 1 बजे झनकट ईंट भटठे के पास आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी हाशिम ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी। मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावल ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी पर दबाव बनाने के लिए पुलिस ने उसकी मां को हिरासत में लिया गया है।

आरोपी को करवाया अस्पताल में भर्ती

गिरफ्तार किए आरोपी हाशिम के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए नानकमत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर किया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button