CM ने 1456 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले निष्ठा और समर्पण से करें प्रदेश निर्माण में योगदान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में 1456 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसमें लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित 109 समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 1347 सहायक अध्यापक (एल.टी.) शामिल हैं।
सीएम ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति अभ्यर्थियों के जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और साथ ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे
सीएम ने कहा कि किसी भी राज्य की शासन व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण आधार उसका प्रशासनिक तंत्र होता है। सचिवालय को राज्य की शासन व्यवस्था का मस्तिष्क कह सकते हैं, क्योंकि यहीं पर नीतियां बनती हैं, निर्णय लिए जाते हैं और विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का खाका तैयार किया जाता है।
सीएम ने कहा कि जब एक बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलती है, तो वह अपने जीवन को बेहतर बनाने के साथ समाज और देश के लिए भी अमूल्य योगदान देता है। शिक्षक के कर्तव्य है कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ ही उनके भीतर समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना का भी संचार करें, जिससे वे अच्छे नागरिक बन सकें।