Sportshighlight

Chess World Cup: जीत लिया खिताब! 19 साल की दिव्या देशमुख बनीं चेस वर्ल्ड चैंपियन, जानें कौन है वो?

FIDE Women’s Chess World Cup 2025 Final: भारतीय शतरंज की दुनिया को आज गर्व से भर देने वाला एक और पल मिला है। नागपुर की 19 साल की दिव्या देशमुख (Divya Deshmukh) ने FIDE महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतकर इतिहास रच दिया है। इसी के साथ दिव्या भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर भी बन गई हैं।

ये मुकाबला जॉर्जिया के बातूमि में हुआ। जहां दिव्या ने अपनी सूझबूझ, आक्रामक रणनीति और धैर्य के दम पर खिताबी जीत हासिल की। फाइनल में उनका सामना भारत की ही दिग्गज ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी से हुआ।

19 साल की दिव्या देशमुख बनीं चेस वर्ल्ड चैंपियन FIDE Women’s Chess World Cup 2025 Final Divya Deshmukh Winner

फाइनल के दोनों क्लासिकल मुकाबले शनिवार और रविवार को खेले गए जो बराबरी पर छूटे। स्कोर 1-1 था और अब नजरें टिकी थीं रैपिड राउंड पर। यहीं पर दिव्या ने बाजी पलटी।

पहले रैपिड गेम में उन्होंने सफेद मोहरों से खेलते हुए दमदार शुरुआत की। लेकिन हंपी ने उस मैच को ड्रॉ करवा लिया। इससे लगा कि अनुभव भारी पड़ सकता है। लेकिन दूसरे रैपिड गेम में दिव्या ने काले मोहरों से खेलते हुए शुरुआत से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया। हंपी समय के दबाव में चूकीं। दिव्या ने इसी मौके का फायदा उठाकर गेम खत्म कर दिया।

तीसरे पायदान पर चीन की खिलाड़ी

इस टूर्नामेंट का तीसरा स्थान चीन की लेई टिंगजेई ने हासिल किया। उन्होंने झोंगी टेन के खिलाफ हुए प्लेऑफ में दूसरा राउंड जीतकर तीसरा पायदान अपने नाम किया।

चीन का दबदबा टूटा, भारत का जलवा

ये जीत इसलिए और बड़ी मानी जा रही है क्योंकि महिला शतरंज रैंकिंग में सबसे ज्यादा टॉप खिलाड़ी चीन के हैं। वहां 14 खिलाड़ी टॉप 100 में हैं। जबकि भारत के पास सिर्फ 9। लेकिन इस बार दिव्या और हंपी दोनों ने चीनी चुनौती को पछाड़ते हुए फाइनल में जगह बनाई और भारत का परचम लहराया।

नागपुर की बेटी, देश का गर्व

दिव्या देशमुख फिलहाल वर्ल्ड रैंकिंग में 18वें स्थान पर हैं। लेकिन उनकी ये जीत सिर्फ रैंकिंग तक सीमित नहीं है। ये आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। एक युवा खिलाड़ी का इस स्तर पर पहुंचना दिखाता है कि मेहनत, तैयारी और आत्मविश्वास से कुछ भी मुमकिन है।

Uma Kothari

उत्तराखंड की डिजिटल मीडिया से जुड़ी युवा पत्रकार उमा कोठारी इस समय खबर उत्तराखंड.कॉम के साथ काम कर रही हैं। उमा अलग-अलग बीट पर खबरें लिखती हैं, जिनमें देश-दुनिया की राजनीतिक गतिविधियों की अहम खबरें, मनोरंजन, खेल और ट्रेंड से जुड़ी अपडेट शामिल हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करते हुए वे ट्रेंड और तथ्य दोनों का संतुलन बनाए रखती हैं, ताकि पाठकों तक सही और ज़रूरी जानकारी पहुंचे।
Back to top button