Char Dham YatraUttarakhand

Char Dham Yatra News : बद्रीनाथ व हेमकुंड आए चार श्रद्धालुओं की मौत, हृदयगति रुकना बताई जा रही वजह

बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए चार तीर्थयात्रियों की हृदयगति रूकने के कारण मौत हो गई। पंजाब के तीन तीर्थ यात्रियों की हेमकुंड साहिब में और एक तीर्थयात्री की बद्रीनाथ धाम में मौत हो गई। हेमकुंड सहित चारधाम यात्रा में मौत का आंकड़ा 62 पहुंच गया है।

हेमकुंड साहिब आए तीन तीर्थयात्रियों की मौत

हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को रामढुंगी के पास पंजाब के माछीवाड़ा (लुधियाना) निवासी कुलवंत सिंह (64) को अटलाकोटी हिमखंड और लुधियाना निवासी जसवेंद्र सिंह (60) को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेस कैंप घांघरिया में कमरे में मृत मिला तीर्थयात्री

हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया में ठहरा एक तीर्थयात्री अपने कमरे में मृत मिला। मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के रुस्तमगढ़ (संगरूर) निवासी सुरजीत सिंह (35) बेस कैंप घांघरिया में ठहरे हुए थे। रविवार को वो अपने कमरे में मृत मिले उनकी मौत की वजह हृदयगति रुकना बताई जा रही है।

बद्रीनाथ दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु की मौत

जहां हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई तो वहीं बद्रीनाथ धाम के दर्शनों के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु की सीने में दर्द होने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अटाली (महाराष्ट्र) निवासी कैलाश हरिश्चंद्रा पाटिल (49) अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर आए थे। लेकिन रविवार को सीने में दर्द होने के बाद उनकी मौत हो गई।


Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button