चमोली जिले में हादसा, मलारी गांव के पास टूटा पुल, सेना और ग्रामीणों की आवाजाही बंद

उत्तराखंड के चमोली जिले में हादसा हुआ है । यहां भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला पुल टुटकर धौलीगंगा नदी में गिर गया । यह घटना आईटीबीपी कैंप बुरांस के पास हुई है। चीन सीमा क्षेत्र में सेना और सीमावर्ती छह गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही भी बाधित हो गई है। इन दिनों मलारी से नीती गांव के लिए हाईवे पर डबल लेन का काम चल रहा है।
मलबे से भरा ट्रक गिरा नदी में
बताया जा रहा है कि रविवार को करीब तीन बजे मलारी से ढाई किलोमीटर आगे आईटीबीपी कैंप के पास धौली गंगा पर निर्मित मोटर पुल से मलबे से भरा ट्रक गुजर रहा था, अचानक पुल ट्रक समेत टूटकर नदी में जा गिरा। ट्रक के नीचे गिरते ही चालक ने नदी में छलांग मार दी, जिससे वह बच निकला।
सेना और ग्रामीणों की आवाजाही बंद
पुल टूटने से चीन सीमा क्षेत्र में आईटीबीपी और सेना की आवाजाही बाधित हो गई है। साथ ही सीमा क्षेत्र में कैलाशपुर, मेहरगांव, फरकिया, बांपा, गमशाली और नीती गांव के ग्रामीणों की आवाजाही भी ठप पड़ गई है।