बेटी के अवैध बार लाइसेंस के आरोपों से घिरीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। स्मृति ईरानी ने कहा है कि मेरी बेटी पढ़ती है और बार नहीं चलाती है।
स्मृति ईरानी ने कहा है कि, मेरी बेटी 18 साल की है और फर्स्ट ईयर में पढ़ती है। वो बार नहीं चलाती है। एक 18 साल की लड़की की इज्जत की धज्जियां उड़ाने का दुस्साहस किया है। उस लड़की का दोष यह है कि उस लड़की की मां ने 2014 और 2019 में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा कि जिस 18 साल की लड़की की इज्जत पर कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने आज हमला किया, उस लड़की का दोष यह है कि उसकी मां स्मृति ईरानी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है।
खुलासा। मर चुके व्यक्ति के नाम पर स्मृति ईरानी की बेटी ने लिया बार लाइसेंस, अब कांग्रेस ने घेरा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो 18 साल की लड़की जो कॉलेज के प्रथम वर्ष में पढ़ती है, उसका दोष यह है कि उसकी मां ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी की 5,000 करोड़ की लूट के ऊपर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि आज अपनी एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के प्रवक्ता ने हंसते हुए जिस लड़की पर आक्रमण किया, वो राजनीति में नहीं है और एक साधारण कॉलेज स्टूडेंट के रूप में अपना जीवन व्यतीत कर रही है। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा ने ये कहा कि मेरी बेटी को कारण बताओ नोटिस दिया गया और अपने हाथ में 2 कागज दिखाए। मैं आज पूछना चाहती हूं कि इन कागजों में मेरी बेटी का नाम कहां है?
ईरानी ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि 2024 में अमेठी से चुनाव लड़कर दिखाएं, मेरा वादा के मैं फिर उन्हें अमेठी में हराऊंगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा करूंगी।