Bageshwar newsBig NewsUttarakhand

बन्द घर मे 4 लाशें, बागेश्वर की घटना…

उत्तराखंड के बागेश्वर जिला मुख्यालय के नजदीक जोशीगांव में एक मकान से विवाहिता और उसके तीन बच्चों के सड़े-गले शव बरामद हुए हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इधर घर के दरवाजे अंदर से बंद होने के आधार पर पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टया खुदकुशी मान रही है।

घटना बृहस्पतिवार शाम को प्रकाश में आई। पुलिस को जिला मुख्यालय से साढ़े चार किमी की दूरी पर जोशीगांव में एक मकान से बदबू आने और दरवाजा अंदर से बंद होने की सूचना मिली। एसपी हिमांशु कुमार वर्मा, एसडीएम हर गिरी, सीओ अंकित कंडारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतकों में एक 5-6 माह का बच्चा भी शामिल

जांच में पता चला कि मकान में कपकोट के भनार गांव के मूल निवासी भूपाल राम का परिवार रहता था। घर के भीतर भूपाल राम की पत्नी नीमा देवी (40), पुत्री अंजलि (14), पुत्र कृष्णा (8), पुत्र भाष्कर (5-6 माह) के शव होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

सीओ अंकित कंडारी के अनुसार शवों पर कहीं किसी तरह की चोट के निशान नहीं हैं। शव कई दिन पुराने होने की आशंका जताई जा रही है। मृतका का पति भूपाल राम कई महीने से लापता बताया जा रहा है।

गांव में अन्य घरों से दूर था भूपाल का मकान

मिली जानकारी क अनुसार जोशीगांव में यह मकान गांव के अन्य मकानों से हटकर था। दो साल पहले यह मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया था। करीब दो साल से इस मकान में भूपाल राम परिवार सहित रहने लगा था। गांव के अन्य मकानों से करीब सौ मीटर की दूरी पर होने से इस मकान की ओर गांव के लोगों की आवाजाही कम थी।

बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोग इस मकान के पास से गुजरे तो उनको बदबू महसूस हुई। इसकी चर्चा गांव में हुई तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद थे। कमरों से बदबू आ रही थी। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और जब पुलिस पहुंची तो घर से तीन बच्चों समेत चार शव बरामद हुए।

लकड़ी के बर्तन, ढोल, दमाऊ बनाने का काम करता है भूपाल

स्थानीय लोगों के अनुसार भूपाल राम लकड़ी के बर्तनों के साथ ही ढोल, दमाऊ बनाने का काम करता था। उसकी बड़ी लड़की की शादी हो गई थी और भूपाल भी काफी समय से घर से लापता था।

भूपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस है दर्ज

पुलिस के अनुसार भूपाल राम के खिलाफ बागेश्वर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज था। गिरफ्तारी के डर से वह घर से फरार रहता था। यह भी जानकारी मिली है कि पुलिस से बचकर कभी-कभार घर में उसका आना-जाना होता था। पुलिस को भूपाल की लंबे समय से तलाश थी।

पुलिस के अनुसार भूपाल राम धोखेबाज किस्म का व्यक्ति है। उसमें कई लोगों से ठगी के भी आरोप हैं। इसी वजह से वह लोगों और पुलिस से छिपता फिरता था।

वहीं सूचना पर पहुंचे हिमांशु कुमार वर्मा, एसपी, बागेश्वर ने बताया की घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद थे। मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम होने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें