बुली बाई एप मामले में मुंबई पुलिस की देश भर में रेड जारी है। बीते दिन पुलिस ने उत्तराखंड से एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया। युवती को रुद्रपुर से तो युवक को कोटद्वार से गिरफ्तार किया जो की दिल्ली में कॉलेज की पढ़ाई करता है। वहीं इस मामले में नया मोड़ आ गया है। बता दें कि एक नेपाली युवक ने कथित तौर सोशल साइट्स इंस्टाग्राम में अपना संदेश देकर पुलिस को चैलेंज किया है।
संदेशकर्ता युवक ने महाराष्ट्र पुलिस को चुनौती दी कि वह इस ऐप का संचालक है और महाराष्ट्र पुलिस में हिम्मत है तो वह गिरफ्तार करके दिखाए। इस पूरी पोस्ट को देखने के बाद रुद्रपुर से गिरफ्तार आरोपी युवती के परिवार ने यह जानकारी साझा की। यह पोस्ट मीडिया में सुर्खियां बटोरने लगी है। युवती फिलहाल पुलिस की कस्टडी में है।
आपको बता दें कि मंगलवार को महाराष्ट्र पुलिस की मुंबई साइबर सेल की ओर से रुद्रपुर की युवती की गिरफ्तारी सहित जगह-जगह दबिश देकर बुली बाई एम मामले में कार्रवाई की गई। बुधवार को अचानक जीआईवाईयू44 नाम से सोशल साइट्स इंस्टाग्राम पर बने एक अकाउंट में कथित तौर पर नेपाल के काठमांडू के एक युवक ने अपनी पोस्ट डाली, जिसमें युवक ने खुद को बुली बाई ऐप का संचालनकर्ता होने का दावा किया। उसने कहा कि उसको भारत में सांप्रदायिक तनाव फैलाने के लिए पाक से फंडिंग की जाती थी। ऐप से जुड़े सभी ग्रुप मेंबर निर्दोष हैं।
युवक ने रुद्रपुर से गिरफ्तार युवती भी निर्दोष है। उसने इंस्टाग्राम में अपनी भावनाएं डालीं और उसका फायदा उठाते हुए युवती का अकाउंट हैक कर धार्मिक टिप्पणियां की। इसके साथ ही, एक विशेष समुदाय की महिलाओं की फोटो अपलोड कर दीं। इधर, पुलिस ने इसकी भी जांच शुरू कर दी है। सोशल साइट्स इंस्टाग्राम में दिए संदेश में कथित नेपाली मूल के युवक ने महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई को गलत करार दिया। उसने चुनौती दी कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकती है। पुलिस मुंबई की फ्लाइट का टिकट बुक कर उसे भेजे तो वह मुंबई आकर खुद आत्मसमर्पण कर देगा। ऐसे में या तो कथित तौर पर युवक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है या फिर गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहा है।