- Advertisement -
मसूरी की वादियों हर किसी को भाती है। इसलिए अब लोग यहां शादी करने के लिए पहुंचे रहे हैं. जी हां यानी की डेस्टिनेश वेडिंग के लिए। ऐसा ही कुछ हुआ मसूरी में। मसूरी में लड़का और लड़की वाले डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहुंचे लेकिन वहां हंगामा बरपा और शादी रुक गई। दरअसल दुल्हन ने दूल्हे के साथ फेरे लेने से इंकार कर दिया। आपको बता दें कि मसूरी में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहुंचे थे। शादी मसूरी के एक पांच सितारा होटल में बृहस्पतिवार की रात होनी थी। लेकिन इस शादी में जमकर हंगामा बरपा। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पक्ष पर 50 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया। दुल्हन ने शुक्रवार सुबह फेरे लेने से मना कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। अब मामले को महिला हेल्पलाइन भेजने की तैयारी है।
मिली जानकारी के अनुसार बार्लोगंज स्थित एक फाइव स्टार होटल में मोहाली पंजाब की दुल्हन और पुणे महाराष्ट्र के दूल्हे का शादी समारोह तय था। शादी समारोह की सभी तैयारियां पुरी हो गई थीं, लेकिन शुक्रवार को जब फेरे लेने का समय हुआ तो उससे पहले दोनों पक्षों में विवाद हो गया।इससे दुल्हन ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। इस बीच दोनों पक्षों में खूब वाद-विवाद हुआ। रिश्तेदार दोनों पक्षों में सुलह की कोशिश करते रहे, लेकिन दुल्हन ने फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। होटल के मैनेजर ने बताया कि होटल में दोनों पक्षों के 40 लोग शादी समारोह में शामिल हुए थे। बताया कि कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक समारोह आयोजित किया जा रहा था।
इस मामले पर शहर कोतवाल राजीव रौथाण ने जानकारी दी कि दुल्हन ने कोतवाली में लिखित शिकायत देते हुए लड़के वालों पर 50 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। बताया कि शनिवार को पूरे मामले की रिर्पोट बनाकर महिला हेल्पलाइन में भेजी जाएगी। सूत्रों के अनुसार होटल में कोरोना गाइडलाइन के तहत समारोह हुआ या नहीं इसकी भी पुलिस जांच करेगी।