विश्व कैंसर दिवस: कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन ने सैन्य क्षेत्रों की महिलाओं को किया जागरूक

विश्व कैंसर दिवस पर कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन ने वेबिनार के माध्यम से जैसलमेर और जोधपुर मिलिट्री स्टेशन में रह रही महिलाओं के लिए एक विशेष कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना और कैंसर की समय पर पहचान के महत्व को समझाना था।
कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन ने सैन्य क्षेत्रों की महिलाओं को किया जागरूक
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ और कैंसर जागरूकता कार्यकर्ता डॉ. सुमिता प्रभाकर ने किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने महिला स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की, विशेष रूप से स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, जोखिम कारक और समय पर जांच के महत्व को समझाया।
स्वयं स्तन परीक्षण के बारे में दी जानकारी
डॉ. प्रभाकर ने महिलाओं को स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग विधियों और स्वयं स्तन परीक्षण के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी, ताकि महिलाएं शुरुआती संकेतों को पहचान सकें। इसके साथ ही उन्होंने सर्वाइकल कैंसर की जांच, बचाव के उपाय और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
हानिकारक आदतों से दूर रहने का बताया महत्व
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ जीवनशैली अपनाने जैसे संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और हानिकारक आदतों से दूर रहने के महत्व को भी रेखांकित किया गया। प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी सहायता और जानकारी के लिए CanApp के उपयोग के बारे में भी बताया गया।