Big News : उद्यान घोटाला : छोटी मछलियों पर शिकंजा, मगरमच्छ पर कब होगा एक्शन ? - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

उद्यान घोटाला : छोटी मछलियों पर शिकंजा, मगरमच्छ पर कब होगा एक्शन ?

Yogita Bisht
2 Min Read
ghotala घोटाला

उद्यान घोटाला मामले में सीबीआई का बड़ा एक्शन सामने आया है। सीबीआई उद्यान विभाग के तीन कर्मचारियों को अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारियों से सीबीआई ऑफिस वसंत विहार में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शाम तक कुछ की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

तीन कर्मचारियों को उठा ले गई CBI

सीबीआई उद्यान घोटाला मामले में तीन कर्मचारियों को अपने साथ ले गई है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। बता दें कि सीबीआई इस मामले की जांच पिछले साल अक्टूबर 2023 से कर रही है। हाईकोर्ट के आदेश देने के बाद इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।

आज शाम तक कुछ की हो सकती है गिरफ्तारी

बताया जा रहा है कि इस मामले में आज शाम तक सीबीआई बड़ी कार्रवाई कर सकती है। आज शाम तक इन कर्मचारियों में से कुछ की गिरफ्तारी भी हो सकती है। बता दें कि फालदार पौधों की ख़रीद में उद्यान विभाग में बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी। जिसके बाद ये मामला हाईकोर्ट में जाने के बाद कोर्ट के ही आदेश पर सीबीआई ने सीबीसीआईडी से मामले की जांच से संबंधित दस्तावेज ले लिए थे। जिसके बाद सीबीआई ने प्राथमिक जांच दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी थी।

छोटी मछलियों पर शिकंजा, मगरमच्छ पर कब होगा एक्शन ?

उद्यान घोटाले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आने के बाद से कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि अगर कर्मचारियों की गिरफ्तारी होती है तो क्या इसमें लिप्त बड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। क्या घोटाले में शामिल अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा ? ये तो कुछ समय बाद ही पता चल पाएगा कि किस पर कार्रवाई होती है या नहीं। लेकिन सवाल फिर भी यही है कि आखिर कब तक छोटी मछलियों पर ही शिकंजा कसा जाएगा और बड़े मगरमच्छ बचते रहेंगे।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।