HighlightUttarakhand

PM-USHA योजना के तहत उत्तराखंड को मिले 120 करोड़, कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने जताया PM का आभार

केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय ने प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के अंतर्गत उत्तराखंड को 120 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। जिसके लिए कैबिनेट मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

PM-USHA योजना के तहत उत्तराखंड को मिले 120 करोड़

पीएम-उषा योजना के तहत उत्तराखंड को मिले 120 करोड़ में से कुमाऊं विश्वविद्यालय को मल्टी डिसिप्लिनरी एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटीज (मेरू) के तहत विभिन्न कार्यों के लिए 100 करोड़ रूपए तथा दून विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय संवर्द्धन कम्पोनेंट के अंतर्गत 20 करोड़ रूपए की धनराशि दी गई है।

चयनित 26 विश्वविद्यालयों में प्रदेश के दो कॉलेज भी शामिल

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि सूबे में उच्च शिक्षा के कायाकल्प के लिए राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार के साथ प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के अंतर्गत पांच कम्पोनेंट के क्रियान्वयन हेतु पूर्व में अनुबंध किया गया था। जिसके अंतर्गत राजकीय विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं आधुनिकीकरण, शोध गतिविधियों का संचालन एवं विस्तार, कौशल विकास आधारित शिक्षा, प्रौद्योगिकी का उपयोग, नैक में सुधार के लिये गुणवत्ता को बढ़ावा देना, ई-लर्निंग एवं वर्चुअल लर्निंग के आउटपुट पर नजर रखने सहित अनेक कार्य शामिल हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ रावत ने बताया कि पूर्व में किए गए अनुबंध के तहत राज्य सरकार द्वारा केन्द्र सरकार को भेजे गए प्रस्तावों पर मंजूरी मिलनी शुरू हो गई है। प्रथम चरण में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप राष्ट्रीय स्तर पर 26 विश्वविद्यालयों को चयनित किया गया है। जिसमें से प्रदेश से कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल और दून विश्वविद्यालय भी शामिल हैं।

कुमाऊं विश्वविद्यालय को मिले 100 करोड़ रूपए

PM-USHA योजना के तहत कुमाऊं विश्वविद्यालय को 100 करोड़ रूपए की धनराशि मिली है। जिससे विश्वविद्यालय में विभिन्न शोध एवं शैक्षणिक केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। जिनमें सेंटर फॉर सस्टेनेबल अर्बन डेवलपमेंट, सेंटर फॉर प्रोफेशनल डेवलपमेंट एंड एन्टरप्रेन्योरशिप, सेंटर फॉर नॉन कन्वेंशनल एनर्जी स्टडीज, सेंटर फॉर डिजास्टर मैंनेजमेंट, सेंटर फॉर एडवांस कम्प्यूटरिंग, सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन हिमालयन मेडिसिनल प्लांट्स एंड वेलनेस लाइफस्टाइल, फैकल्टी ऑफ लॉ एंड एजूकेशन, फैकल्टी ऑफ बायोमेडिकल साइंसेज एंड नैनो टेक्नोलॉजी, सेंट्रलाइज्ड इंस्ट्रूमेंटेशन फैसिलिटीज के साथ ही आधारभूत सुविधाओं का आधुनिकीकरण एवं शोध कार्यों का विस्तार किया जाएगा।

दून विश्वविद्यालय को मिले 20 करोड़ रूपए

दून विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय संवर्द्धन कम्पोनेंट के तहत 20 करोड़ रूपए की धनराशि मिली है। जिससे विश्वविद्यालय में कम्पोजिट साइंस लेबोरेटरी निर्माण, नवाचार व आधुनिकीकरण के कार्य किए जाएंगे। जिससे दोनों विश्वविद्यालयों में आधुनिक एवं गुणवत्तापरक शिक्षा के विस्तार के साथ ही रोजगारपरक व प्रौद्योगिकी संबंधी शिक्षा के विस्तार में मदद मिलेगी।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें