देहरादून-उत्तराखंड भाजपा संगठन की संरचना सांगठनिक जिलों में कर दी है। वर्तमान समय तक पार्टी के प्रदेश में संगठन के लिहाज से 23 जिले थे, जिनकी संख्या अब घटाकर 14 कर दी गई है। अब 13 प्रशासनिक जिलों की तर्ज पर संगठन के जिले होंगे, इस पूरी रंरचना में एक अपवाद देहरादून महानगर है। हरिद्वार को छोड़ सभी जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है।
देहरादून महानगर का सांगठनिक जिले का स्वरूप बरकरार रखा गया है, हालांकि इसके जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल को पद से हटाकर प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेश स्तरीय विभाग एवं प्रकल्पों की रचना को भी भंग कर दिया गया है। नवनियुक्त जिलाध्यक्षों में नौ पुराने और चार नए चेहरे शामिल किए गए हैं।
केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी के बाद रविवार को 14 जिला इकाइयों का गठन करने के साथ ही हरिद्वार को छोड़ 13 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई।
पिथौरागढ़ में दो जिला इकाइयों को एक कर जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी वीरेंद्र वल्दिया को सौंपी गई है। चंपावत में जिलाध्यक्ष का दायित्व निभा रहे हिमेश कलखुड़िया को हटाकर उनकी जगह रामदत्त जोशी को अध्यक्ष बनाया गया है।
अल्मोड़ा में भी दो इकाइयों को एक किया गया, लेकिन सांगठनिक जिलों अल्मोड़ा व रानीखेत के अध्यक्षों को मौका नहीं दिया गया। अल्मोड़ा में नए चेहरे गोविंद पिल्खवाल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नैनीताल जिले में दो इकाइयों में हल्द्वानी का दायित्व देख रहे प्रदीप सिंह बिष्ट को अब जिले का अध्यक्ष बनाया गया है।
पौड़ी जिले में सांगठनिक जिले कोटद्वार के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उत्तरकाशी जिले में यह जिम्मेदारी श्याम डोभाल को सौंपी गई है।
देहरादून जिले में पछवादून व परवादून इकाइयों को एक कर परवादून के अध्यक्ष रहे शमशेर सिंह पुंडीर को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
ऊधमसिंहनगर में शिव अरोड़ा, वहीं, बागेश्वर में शेर सिंह गढ़िया, चमोली में मोहन प्रसाद थपलियाल, रुद्रप्रयाग में विजय कपरवाण, टिहरी में संजय सिंह नेगी को बरकरार रखा गया है।