रुद्रपुर: करीब डेढ़ महिने पहले जुड़वा बेटों के साथ गायब हुई महिला और उसके बेटों की हत्या के आरोप में महिला के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लापता महिला के मर्डर के शक में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन जांच दूसरे एंगल पर भी जारी रखी। पुलिस का शक सही निकला।
छतरपुर निवासी पूर्व सैनिक ने 14 अप्रैल को पंतनगर थाने में पत्नी और 12 वर्षीय दो बेटों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया कि तीनों बीती 11 अप्रैल की शाम चार बजे लापता हो गए थे। महिला अपना मोबाइल फोन भी घर छोड़कर चली गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस ने कमला का फोन रिकार्ड खंगाला तो एक संदिग्ध नंबर पर कई बार बातचीत मिलने पर उस नंबर को ट्रैस किया गया।
नंबर के सहारे पुलिस गोवा पहुंची तो महिला और उसके दोनों बच्चों और पवन को डडगांव गोवा से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस शुक्रवार को चारों को लेकर सिडकुल चैकी पहुंची। सिडकुल चैकी इंचार्ज केजी मठपाल ने बताया कि महिला का अपने पति से आए दिन विवाद होता था। इसी दौरान फेसबुक के जरिये उसकी पहचान गोवा में रहने वाले पवन से हुई।
वापस आने के बाद महिला ने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाहिता और उसके दो बेटों को उसके पिता अपने साथ बनबसा ले गए। मालूम हो कि महिला के लापता होने पर उसके पिता ने दामाद पर बेटी और बच्चों की हत्या करने की तहरीर दी थी। महिला के पिता को पुलिस ने बुलाया तो महिला ने बच्चों सहित लिखित रूप में पिता के साथ रहने की बात कही। इसके बाद महिला और बच्चों को पिता के सुपुर्द कर दिया गया।