HighlightUttarakhandUttarakhand Chamoli News

म्यूजिक रैपर बनने की चाहत ने पहुँचाया जेल, चोरी की घटना का रैप गाकर पकड़ा गया आरोपी

संगीत के शौक को पूरा करने के लिए रुद्रप्रयाग निवासी सुमित ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, उसी शौक ने सुमित को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। दरअसल, सुमित ने एक रैप गाकर उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डाला था, जिसमें उसने खुद के चोर बनने से लेकर आगे की कहानी बयां की थी।

वीडियो प्रसारित होने के बाद सुमित पुलिस के हाथ लग गया और शक के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गौचर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के चोरी की बात कबूलने पर उसे न्यायालय में पेश कर जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।

19 फरवरी को की थी चोरी

बता दे 19 फरवरी को गोपेश्वर बाजार स्थित एक दुकान से पांच मोबाइल फोन और एक डीएसएलआर कैमरा गायब हो गया था, जिसका मूल्य तीन लाख रुपये से अधिक का था। 24 फरवरी को दुकान के मालिक स्वामी संजय सिंह ने गोपेश्वर थाने में मामले को लेकर तहरीर देकर बताया कि 19 फरवरी की रात को चोरों ने उनके दुकान के शटर का ताला तोड़कर 5 मोबाइल फोन और एक कैमरा चुरा लिया है। पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया।

रैप सोशल मीडिया पर प्रसारित कर खुद को बताया चोर

पुलिस इसे ठगी मानकर छान-बीन कर रही थी कि इसी बीच पता चला कि एक युवक का रैप इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें उसने चोरी की घटना का जिक्र करते हुए खुद के चोर बनने की बात कही है। पुलिस ने मामले में युवक से पूछताछ की तो पता लगा कि उसी ने दुकान से मोबाइल और कैमरे पर हाथ साफ किया था।

पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के ग्राम इसाला दशज्यूला निवासी सुमित खत्री ने गोपेश्वर आकर मोबाइल की दुकान पर रेकी की थी। इसी बीच जब मालिक दुकान से बाहर निकला तो उसने दुकान में घुसकर एक साथ रखे कई डिब्बों में से अलग-अलग पांच मोबाइल और एक डीएसएलआर कैमरा चोरी कर लिया। ऐसे में दुकान मालिक जब वापस लौटा तो उसे चोरी का पता नहीं चल पाया। हालांकि, डीएसएलआर कैमरा न मिलने पर शक हुआ तो दुकान मालिक ने मोबाइल की गिनती की, जिसमें पांच कीमती मोबाइल गायब मिले। दुकान मालिक ने पुलिस में इसकी तहरीर दी ।

गिटार लेना चाहता था आरोपी सुमित

पुलिस थाने में भी आरोपी युवक ने अपने चोरी पर बनाए गए रैप को सुनाया और कहा कि वह इन मोबाइलों को बैचकर गिटार लेना चाह रहा था। इसलिए उसे गिटार खरीदने के लिए जितनी आवश्यकता थी उतना ही सामान चोरी किया ताकि गिटार खरीद सके।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें