Highlight

PM मोदी के 12 साल पूरे, CM धामी ने पत्र लिखकर दी बधाई, गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके नेतृत्व में 12 साल पूरे होने पर बधाई दी है। साथ ही देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की जनता की ओर से शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं।

सीएम धामी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र 

मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं। सीएम ने अपने पत्र में लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, जीएसटी व्यवस्था तथा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत द्वारा किए गए व्यापक टीकाकरण अभियान तथा ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को भी वैश्विक नेतृत्व का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक तथा श्री केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण जैसे कार्यों को राष्ट्र के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।

राज्य के प्रति स्नेह और सहयोग के लिए किया आभार व्यक्त

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष स्नेह और सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ एवं श्री बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने लखवाड़, सौंग व्यासी और जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं को गति मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पूर्ण होने से राज्य में पेयजल एवं सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित होगी तथा लाखों लोगों को लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को अवश्य प्राप्त करेगा और विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।


Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें