देहरादून : प्रदेश में कांग्रेस की ब्लॉक और जिला इकाइयों के अध्यक्षों की नियुक्ति दस दिन के भीतर होगी। प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन एक माह में किया जाएगा।
राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि ब्लॉक और जिलों में सदस्यों के निर्वाचन का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महानगर कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। दिवाली के बाद यह कार्य संपन्न होगा।
उन्होंने कहा कि एक महीने में प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी गठित होगी। यह कार्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष का विधिवत निर्वाचन होने के बाद होगा। प्रदेश संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिया है। हाईकमान से प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन पर मुहर लगने के बाद नई कार्यकारिणी गठित की जाएगी।
एक सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि नई प्रदेश कार्यकारिणी में नवनिर्वाचित पीसीसी सदस्यों के साथ ही बाहर से भी पार्टी के वरिष्ठ व सक्रिय नेताओं को भी प्रदेश संगठन में अहम पदों पर जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें पार्टी नेताओं की सक्रियता और संगठन के प्रति निष्ठा को तरजीह मिलेगी।
वहीं पत्रकारों के सवाल के जवाब में प्रदेश चुनाव अधिकारी जेपी अग्रवाल ने कहा कि जो सक्रिय लोग पीसीसी सदस्य बनने से छूट गए हैं, उनकी वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें पीसीसी में शामिल किया जाएगा।