प्रदेश का सबसे ऊंचा रावण आज राजधानी दून में जलेगा। सीएम पुष्कर सिंह धामी बटन दबाकर पुतला दहन करेंगे। दून के परेड ग्राउंड में 131 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ ही कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला दहन भी होगा।
दून में जलेगा प्रदेश का सबसे ऊंचा रावण
देशभर में विजयदशमी का पर्व आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश में भी विजयदशमी की धूम है। दशहरे पर जगह-जगह पर पुतले दहन की तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश का सबसे ऊंचा रावण दहन राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में किया जाएगा।
सीएम बटन दबाकर करेंगे रावण के पुतले का दहन
देहरादून के परेड ग्राउंड में बने सबसे ऊंचे पुतले का दहन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बटन दबाकर करेंगे। बता दें कि ये पुतला 12 चरणों में धीरे-धीरे जलेगा। इसके साथ ही दून के इंदिरा नगर कॉलोनी ग्राउंड में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। परेड मैदान में शाम छह बजकर पांच मिनट पर पुतला दहन किया जाएगा।
बागेश्वर में जलेगा प्रदेश का सबसे छोटा रावण
जहां एक ओर सबसे बड़ा रावण का पुतला दून में जलाया जाएगा तो वहीं प्रदेश में रावण का सबसे छोटा पुतला बागेश्वर में जलाया जाएगा। बागेश्वर में बारह फीट का पुतला दहन किया जाएगा। पौड़ी गढ़वाल में 26 फीट, उत्तरकाशी में 45 फीट और श्रीनगर में 40 फीट पुतला बनाया गया है।
इसके साथ ही ऋषिकेश में त्रिवेणीघाट के निकट रामानंद घाट पर रावण का 60 फीट और कुंभकरण और मेघनाद का 50-50 फीट का पुतला बनाया गया है। जबकि हरिद्वार में रोडीबेलवाला और ऋषिकुल में 70-70 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया जाएगा।