राहुल गांधी की आवाज दबाने के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, देहरादून में धरना

कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर संसदीय सत्र का एक मिनट का वीडियो शेयर किया, जिसमें मोदी सरकार पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने से रोकने का आरोप लगाया गया है। इसका आक्रोश उत्तराखंड में भी देखने को मिल रहा है।
राहुल गांधी की आवाज दबाने के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस
उत्तराखंड कांग्रेस ने बुधवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में “मनरेगा बचाओ” अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी की आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान माहरा ने कहा कि कोई भी सदन जब चलता है तो परंपराओं और नियमों के अनुसार काम करता है, लेकिन जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, लोग एक-दूसरे को दुश्मन की तरह देख रहे हैं।
कांग्रेस ने की मनरेगा में किए बदलावों की आलोचना
करन माहरा ने कहा सदन में स्पीकर की कुर्सी का जो सम्मान पहले था, वह नए स्पीकर के आने के बाद अब नहीं दिख रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की आवाज़ को दबाया जा रहा है। राहुल गांधी सदन में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक मुद्दा उठाना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने नहीं दिया गया। माहरा ने मनरेगा में किए गए बदलावों को लेकर भी सरकार की कड़ी आलोचना की और कहा कि इन बदलावों ने इस योजना का मूल मकसद ही खत्म कर दिया है।