Udham Singh Nagarhighlight

रुद्रपुर में बिजली चोरी करता पकड़ा गया BJP नेता, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ा खुलासा सामने आया है। ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी करते हुए भाजपा के पटेलनगर मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता समेत नौ लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।

रुद्रपुर में चलाया गया था बिजली चोरी अभियान

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप, खेड़ा और दरियागंज क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 201 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। जांच के दौरान कई घरों में कटिया डालकर, मीटर से छेड़छाड़ कर और सीधे मुख्य लाइन से अवैध रूप से बिजली लेने के मामले सामने आए। कुछ मकानों में बिजली मीटर पूरी तरह गायब पाए गए, जबकि कई स्थानों पर मीटर से पहले केबल काटकर अवैध सप्लाई ली जा रही थी।

बिजली चोरी करता पकड़ा गया BJP नेता

ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 41 घरों से अवैध केबल कनेक्शन काटकर जब्त किए गए। टीम ने मौके पर ही कई अनियमितताओं को रिकॉर्ड कर साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाली प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता सहित राजा कॉलोनी और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के अन्य नौ आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई

ऊर्जा निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी से विभाग को भारी राजस्व नुकसान होता है, साथ ही ग्रिड पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से फाल्ट, लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। निगम और पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी, CCTV की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button