पुरोला में नाबालिग लड़की को विशेष समुदाय के युवक द्वारा भगा ले जाने के बाद शुरू हुआ विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण होने के बाद शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि पुरोला विवाद बीजेपी की साजिश के तहत हो रहा है।
पुरोला विवाद बीजेपी की साजिश
पुरोला विवाद अब प्रदेश में नहीं बल्कि पूरे देश में बड़ा मुद्दा बन गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाए हैं कि पुरोला विवाद बीजेपी की साजिश है। ये एक सोची समझी साजिश के तहत हो रहा है।
साजिश के तहत बनाया गया पुरोला में माहौल
करन माहरा ने कहा कि पुरोला से जिन लोगों ने पलायन किया है, उसमें ज्यादातर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के ही लोग शामिल हैं। पुरोला में एक सोची समझी साज़िश के तहत माहौल बनाने की कोशिश हुई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के लोग पलायन कर रहे हैं ताकि ये मामला बड़ा दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि वास्तव में पुरोला में हालात ऐसे नहीं है। लेकिन इन्हें ऐसा दिखाने की कोशिश बीजेपी द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि ये सब प्री प्लान है।
बीजेपी विधायक दुर्गेश्वर लाल कर रहे लोगों को भड़काने का काम
करन माहरा ने कहा कि बीजेपी विधायक दुर्गेश्वर लाल लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धारा 144 लागू करने के बाद भी सामने आए विधायक दुर्गेश्वर लाल के बयान के बाद सरकार की जिम्मेदारी है कि वो उनका इस्तीफा ले।
क्योंकि एक जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति लोगों को बरगलाने और भड़काने का काम कर रहा है। उनहोंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया जाता तो ऐसा माना जाएगा कि सरकार और संगठन के संरक्षण और दबाव में दुर्गेश्वर लाल ने ऐसा किया है।
मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बानाया जा रहा माहौल
भाजपा की सरकार जब से प्रदेश में आई है हेट स्पीच के मामले बढ़े हैं। लेकिन इन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटक सके इसलिए प्रदेश में लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे मामलों को बढ़ाकर अन्य मामलों से ध्यान भटकाने की कोशिश भाजपा कर रही है।
बीजेपी विधायक दुर्गेश्वर लाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
करन माहरा ने बीजेपी विधायक दुर्गेश्वर लाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द विधायक दुर्गेश्वर लाल से इस्तीफा लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दुर्गेश्वर लाल के खिलाफ कार्रवाई होती है या नहीं ये आने वाले समय में ही पता चल पाएगा।