National

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को दी चुनौती, दुष्कर्म और इन मुद्दों पर बोलकर दिखाइये

झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रचार में उतरी हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देती हूं कि CNT- एसपीटी पर बोलिए, दुष्‍कर्म पर बोलिए, गायब रोजगार पर बोलिए।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कांग्रेस को दी गई चुनौती का जवाब देते हुए प्रियंका ने कहा कि आप देश के प्रधानमंत्री हैं या बंटवारे के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए। प्रियंका ने कहा कि बीजेपी सरकार और पीएम मोदी हर मोर्चे पर फेल हो चुके हैं। अपनी खामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस का बहाना बनाते हैं।

साहेबगंज जिले की पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहड़वा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों की जमीन छीनकर झारखंड में ‘भूमि बैंक’ बना रही है।कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों की संस्कृति और परंपरा की रक्षा करती है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों से पैसा छीनकर अमीरों को दे रही है।

प्रियंका ने कहा कि ये चुनाव आपकी मिट्टी और मां का चुनाव है, झारखंड के अस्तित्व का चुनाव है। जंगल के हजारों रंग होते हैं लेकिन बीजेपी को ये रंग दिखाई नहीं देते हैं।नागरिकता कानून को लेकर भी प्रियंका ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब छात्रों ने आवाज उठाई, तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके विरोध में देश भर में छात्र अब सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार युवाओं की आवाज दबाना चाहती है।

बता दें कि चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी पाकुड़ से कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलग और गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी रोड शो भी करेंगी। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के तहत 16 सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान किए जाएंगे।

Back to top button