शादी की पहली रात पति ने दवा का सेवन कर बनाए अप्राकृतिक संबंध, केस दर्ज

देहरादून से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी की पहली रात ही पति ने हैवानियत की हदें पार कर दी। पीड़िता ने अपने पति पर कामोत्तेजक दवाओं का सेवन कर गलत तरीके से अप्राकृतिक संबंध बनाने के आरोप लगाए हैं।
दवा का सेवन कर बनाए अप्राकृतिक संबंध
जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देते हुए बताया कि उसका विवाह सात फरवरी को देहरादून निवासी व्यक्ति से हुआ था। पीड़िता ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पति ने पहली रात ही कामोत्तेजक दवाओं का प्रयोग कर उसके साथ गलत तरीके से संबंध बनाए।
विरोध करने पर किया मानसिक शोषण
पीड़िता ने आरोप लगाए कि मायके से लौटने के बाद जब वह फिर से ससुराल गई तो फिर उसके पति ने इच्छा के विरुद्ध उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। जब उसने विरोध किया तो उसके पति ने उसका मानसिक तौर पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
परेशान होकर की आत्महत्या की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि गृहस्थी को बचाने के लिए वो यौन हिंसा की शिकार होती रही। पति से परेशान होकर उसने 27 फरवरी को अपनी कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश की। जिसके बाद उसका पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। महिला ने बताया की उसके पति ने अपने निजी जीवन की बातें किसी को भी बताने से मना कर दिया।
ससुराल पक्ष पर लगाए प्रताड़ित करने के आरोप
पीड़िता ने अपने ससुराल पक्ष पर भी प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने बताया कि उसके सास- ससुर भी उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इसके साथ ही कम दहेज लाने का भी ताना देते हैं।
पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
जानकारी के अनुसार कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।