प्रदेश में जल्द ही यातायात सुगम होने जा रहा है। प्रदेश में स्टेट हाईवे पर बने 288 पुल अपग्रेड होंगे। जिससे ट्रैफिक की समस्या से भी निजात मिलेगी। इसके लिए सरकार ने 13 करोड़ जारी कर दिए हैं।
जल्द ही प्रदेश में सुगम होगा यातायात
प्रदेश में पिछले साल शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने 3262 में से 2518 पुलों की सेफ्टी ऑडिट कराया था। ये सेफ्टी ऑडिट प्रदेश के पांच जोन में कराया गया था। जिसमें 36 पुल आवागमन के लिए असुरक्षित पाए गए थे। इसके बाद सरकार अब प्रदेश में यातायात को जल्द ही सुगम बनाने जा रही है।
स्टेट हाईवे पर बने 288 पुलों को किया जाएगा अपग्रेड
सरकार उत्तराखंड में स्टेट हाईवे पर बने 288 सिंगल लेन पुलों को अपग्रेड कर रही है। इन पुलों को डेढ़ लेन में बदला जाएगा। इसके साथ ही बी लोडिंग श्रेणी के इन पुलों को ए श्रेणी में अपग्रेड किया जाएगा। इन्हें अपग्रेड करते हुए इनकी भार क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा।
182 पुलों के लिए 12.73 करोड़ रुपये जारी
पुलों को अपग्रेड करने के लिए सरकार ने कुल 19.23 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। जिसमें से पहले चरण में 182 पुलों के लिए 12.73 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। पुलों को अपग्रेड किए जाने के लिए राज्य योजना के तहत बजट स्वीकृत किया गया है।